मुछीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस की मानवीय मिसाल भटके मानसिक रूप से अस्वस्थ समीरन को सुरक्षित भेजा घर
दुर्गापुर: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड पुलिस ने एक बार फिर वर्दी के पीछे छिपे अपने मानवीय चेहरे की मिसाल पेश की है। मुछीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और सतर्कता की बदौलत रास्ता भटके मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक समीरन को सकुशल उनके परिजनों के पास पहुंचा दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, समीरन नाम का युवक मुछीपाड़ा मोड़ एवं आसपास के इलाके में काफी देर से असहाय अवस्था में भटक रहा था। ड्यूटी पर तैनात मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड के पुलिस जवानों की नज़र जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसे रोका और प्यार से बैठाकर पूछताछ शुरू की। बातचीत के दौरान जवानों को अहसास हुआ कि युवक की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं है और वह अपने घर का रास्ता भूल गया है।मुछीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस ने बिना समय गंवाए युवक को सुरक्षा और भोजन उपलब्ध कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस व संपर्क सूत्रों की मदद से युवक की पहचान जुटाने के प्रयास शुरू किए गए। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस युवक का नाम 'समीरन' और उसके घर का पता लगाने में सफल रही। ट्रैफिक पुलिस की ओर से तुरंत समीरन के परिजनों से संपर्क साधा गया और उन्हें मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड कार्यालय बुलाया गया।जब परिजन मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड पहुँचे और समीरन को सुरक्षित देखा, तो उनकी आँखों में खुशी के आँसू आ गए। परिजनों ने बताया कि समीरन घर से अचानक निकल गया था और वे लोग उसकी तलाश में काफी परेशान थे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मुछीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस ने समीरन को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।उल्लेखनीय है कि मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड द्वारा मानवीय संवेदना का परिचय देने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी नंदन दुबे और एएसआई संजय ओझा के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐसी कई घटनाओं में त्वरित व तत्पर कार्रवाई की है। घर से बिछड़े, रास्ता भटके या लापता हुए कई लोगों को खोज निकालकर सुरक्षित उनके परिजनों तक वापस पहुँचाने में मुछीपाड़ा ट्रैफिक पुलिस की भूमिका बेहद सराहनीय रही है।पुलिस की इस निरंतर मुस्तैदी और संवेदनशील कार्यशैली की बदौलत आज समीरन भी सकुशल अपने घर लौट सका है। समीरन के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने मुछीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड पुलिस के इस सराहनीय कार्य और तत्परता के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का सहदय आभार व्यक्त किया है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?